जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने मंगलवार को थाना अमांपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सबसे पहले मिशन शक्ति कक्ष और आगंतुक रजिस्टर का अवलोकन किया। इसके बाद थाना कार्यालय में मालखाना रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, एचएस रजिस्टर और आईजीआरएस रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। अभिलेखों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने और उन्हें अद्यावधिक व सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके अलावा बैरक, बंदीगृह, भोजनालय और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर साफ-सफाई और रख-रखाव को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मालखाना में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने, कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने और जनसमस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहावर शाहिदा नसरीन, प्रभारी निरीक्षक थाना अमांपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।