जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार ब्लॉक सिढ़पुरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार गौतम के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली के माध्यम से लोगों को मलेरिया, डेंगू समेत अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. गौतम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए लोगों को अपने घरों के दरवाजों व खिड़कियों पर जाली लगाने, मच्छरदानी का नियमित प्रयोग करने, मच्छररोधी साधनों का उपयोग करने तथा घर के आसपास पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई है। साथ ही कूलर व फ्रिज की नियमित सफाई और पूरे बाजू के कपड़े पहनने पर भी जोर दिया गया।
डॉ. गौतम ने कहा कि बुखार आने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा का सेवन न करें। साथ ही मरीजों को अधिक मात्रा में तरल पदार्थ जैसे नारियल पानी, शिकंजी व फलों का रस लेने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सहयोग करें और बताए गए उपायों का पालन कर स्वयं व अपने परिवार को सुरक्षित रखें।