जागरण टुडे, कासगंज:
थाना ढोलना थाना क्षेत्र के गांव छावनी में मूर्ति प्रकरण को लेकर पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बिलराम चौकी इंचार्ज संदीप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कर्तव्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया जा रहा है कि छावनी क्षेत्र में मूर्ति से जुड़े विवाद के दौरान समय रहते उचित कार्रवाई नहीं किए जाने और स्थिति को गंभीरता से न लेने के आरोप संदीप सिंह पर लगे थे। मामले की समीक्षा के बाद एसपी ने उन्हें दोषी मानते हुए सस्पेंड करने का निर्णय लिया।
वहीं, उनकी जगह तेज-तर्रार और कर्तव्यनिष्ठ माने जाने वाले उपनिरीक्षक अवधेश भदौरिया को बिलराम चौकी का नया इंचार्ज नियुक्त किया गया है। अवधेश भदौरिया को सख्त कार्यशैली और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जाना जाता है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में पुलिसिंग को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
एसपी ओमप्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नए चौकी इंचार्ज को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए संवेदनशील मामलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नई नियुक्ति से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी। फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।