Thursday, April 2, 2026

16.30 करोड़ की बड़ी सौगात: कासगंज में 27 सड़कों का होगा निर्माण, ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 1, 2026

16.30 करोड़ की बड़ी सौगात: कासगंज में 27 सड़कों का होगा निर्माण, ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद कासगंज में ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। उत्तर प्रदेश शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत ‘‘त्वरित आर्थिक विकास योजना’’ के तहत 27 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 16.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

परियोजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में 783.00 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। स्वीकृत कार्यों में जनपद के विभिन्न ग्रामीण मार्गों को शामिल किया गया है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेंगे।

विधानसभा क्षेत्रवार स्वीकृत धनराशि में अमांपुर को 4.38 करोड़ रुपये, कासगंज को 9.54 करोड़ रुपये तथा पटियाली को 2.36 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी, वहीं छात्रों, मरीजों और आम नागरिकों को भी बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी।

शासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। कार्य प्रारंभ से पूर्व तकनीकी स्वीकृति अनिवार्य होगी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ई-टेंडरिंग प्रणाली अपनाई जाएगी।

जिलाधिकारी को इन परियोजनाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। सीएमआईएस पोर्टल के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जाएगी तथा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

यह योजना जनपद कासगंज के समग्र विकास को नई गति देगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.