Thursday, April 2, 2026

भक्ति में डूबा गंजडुंडवारा: शिवमहापुराण कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा, जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 1, 2026

भक्ति में डूबा गंजडुंडवारा: शिवमहापुराण कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा, जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कस्बा गंजडुंडवारा के रेलवे रोड स्थित पंचायती बाग में आयोजित होने जा रही शिवमहापुराण कथा से पूर्व बुधवार सुबह पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कथा शुभारंभ से पहले श्रद्धालुओं ने धूमधाम और भक्तिभाव के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए।


कलश यात्रा पंचायती बाग से प्रारंभ होकर हनुमान गढ़ी चौराहा, सुदामापुरी मार्ग, सब्जी मंडी, टीन बाजार, राजाराम चौराहा, मोहल्ला धनपाल, मोहल्ला घासी और सराफा बाजार होते हुए पुनः पंचायती बाग पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।

यात्रा में पीतांबर वस्त्र धारण किए महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर मंगलगीत गाए, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। भगवान शिव-पार्वती के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बैंडबाजों पर बज रहे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं काली अखाड़ा के कलाकारों ने अपने करतबों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कलश यात्रा की अगुवाई आयोजक सर्वेश गुप्ता और स्कंद महाजन ने शिवमहापुराण ग्रंथ को सिर पर धारण कर की। पंचायती बाग में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा और पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।


इसके पश्चात दोपहर तीन बजे से गणेशानंद महाराज द्वारा शिवमहापुराण कथा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कथा स्थल पर भगवान शिव-पार्वती की जय-जयकार से पंडाल गूंज उठा।

इस अवसर पर अमित प्रकाश महाजन, अवधेश महाजन, हरि नारायण गुप्ता, पवन गुप्ता, चेतन गुप्ता, हरिओम गुप्ता, उर्मिला गुप्ता, एकता गुप्ता, अमित चंद्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.