9 चोरी की मोटरसाइकिलें और भारी मात्रा में नशीला पाउडर बरामद; बदायूं, अलीगढ़ और एटा के शातिर अपराधी चढ़े पुलिस के हत्थे
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत कासगंज पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने एक शातिर अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह के 5 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 09 मोटरसाइकिलें और 1120 ग्राम डायजापाम (नशीला पाउडर) बरामद किया है।
दर्जनों मुकदमों का काला इतिहास
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी नगर आचल चौहान के नेतृत्व में थाना कासगंज, एसओजी और सर्विलांस टीम सक्रिय थी। 2/3 अप्रैल की दरमियानी रात को सटीक सूचना पर पुलिस ने कासगंज-सोरों रोड स्थित जिला अस्पताल तिराहे के पास घेराबंदी की और पांचों अभियुक्तों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उमेश (पुत्र बाबू राम, बदायूं), नरेश (पुत्र वीरबल, अलीगढ़), चमन (पुत्र मुश्ताक, एटा), कल्लू (पुत्र नन्हें, बदायूं) और योगेन्द्र कुमार (पुत्र मुनेश, बदायूं) शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए अपराधी बेहद शातिर किस्म के हैं। गिरोह के सदस्य उमेश पर पूर्व में चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के 12 मुकदमे दर्ज हैं, वहीं नरेश पर भी 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। अभियुक्त चमन के खिलाफ भी पूर्व में 3 मुकदमे पाए गए हैं। बरामद बाइकों में से एक एचएफ डिलेक्स हाल ही में कासगंज के चामुंडा गेट से चोरी हुई थी।
चोरी के साथ नशे का भी काला कारोबार
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूला कि वे विभिन्न जनपदों से वाहन चोरी कर उन्हें कम दामों में बेच देते थे। उनके पास से मिले भारी मात्रा में डायजापाम पाउडर से यह भी अंदेशा है कि गिरोह नशे के अवैध कारोबार में भी लिप्त था।
गिरफ्तारी टीम एवं विधिक कार्यवाही
थाना कासगंज पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध BNS की सुसंगत धाराओं (317(2), 317(5), 318(4)) व NDPS एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया है।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा (कोतवाली कासगंज), सर्विलांस प्रभारी विपिन कुमार, एसओजी प्रभारी चंचल कुमार व उनकी टीमों का विशेष योगदान रहा।