जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सड़क हादसों में बढ़ती मौतों को रोकने के लिए शासन ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। नए आदेश के तहत यदि किसी चालक की लापरवाही से एक या अधिक लोगों की जान जाती है, तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इस सख्ती का असर अब जिले में दिखने लगा है और पहली कार्रवाई भी कर दी गई है।
एआरटीओ आरपी मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देशों के बाद परिवहन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बीते मार्च माह में सोरोंजी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में आरोपी चालक के लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
हर हादसे की होगी गहन जांच
उन्होंने बताया कि अब सड़क दुर्घटना में मौत होने पर हर मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में चालक की गलती सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लाइसेंस रद्द किया जाएगा।बा
बार-बार हादसे वाले स्थान होंगे चिन्हित
जिले में ऐसे स्थानों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी जहां लगातार हादसे हो रहे हैं। किसी भी स्थान पर तीन या उससे अधिक दुर्घटनाएं होने पर उसे ‘ब्लैक स्पॉट’ मानते हुए विस्तृत जांच कराई जाएगी।
इस प्रक्रिया में संबंधित थाना प्रभारी, लोक निर्माण विभाग और एआरटीओ की संयुक्त टीम मौके का निरीक्षण कर कारणों का विश्लेषण करेगी। तैयार रिपोर्ट आई-रेड पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिससे भविष्य में हादसों को रोका जा सके।
लापरवाही अब पड़ेगी भारी
शासन की इस सख्ती से स्पष्ट है कि अब सड़क पर नियम तोड़ने वालों के लिए कोई राहत नहीं है। लापरवाही से वाहन चलाने वालों को सीधे कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, जिससे सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।