जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
गुरूवार की दोपहर मथुरा कासगंज रेलवे ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का शल पडा होने की सूचना करीब 2:03 बजे मोबाइल नंबर 9044754092 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक अज्ञात व्यक्ति गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र, थाना ढोलना, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौके पर पहुंचकर देखा गया कि रेलवे पोल संख्या 250/16 और 250/17 के बीच ट्रैक के नीचे की ओर एक लगभग 30 वर्षीय युवक पड़ा हुआ था। युवक की लंबाई करीब 5 फुट 4 इंच बताई जा रही है। उसका रंग गेहुआं है और उसने नीले रंग की फुल बाजू की शर्ट पहन रखी थी, जिसके अंदर सफेद बनियान थी। युवक ने नीले रंग की पैंट पहन रखी थी, जिस पर अंग्रेजी में “Fashion” लिखा हुआ था, तथा कमर में काले रंग की बेल्ट बंधी हुई थी। उसके दाहिने हाथ में लाल रंग का कलावा भी बंधा हुआ मिला।
घटनास्थल पर युवक की चप्पलें रेलवे ट्रैक पर पड़ी हुई मिलीं। शरीर पर कई जगह रगड़ के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रतीत होता है कि वह ट्रेन से गिरा या घिसटता हुआ नीचे आया हो। दोनों पैरों में गंभीर चोटें थीं और दोनों पैर टूटे हुए दिखाई दिए। बाएं पैर की पैंट भी रगड़ के कारण फट गई थी।
पास ही एक गड्ढे में काले रंग का बैग बरामद हुआ। युवक के पास एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन मिला, जिसकी स्क्रीन टूटी हुई थी। मोबाइल पर लगातार कॉल आ रही थीं, लेकिन स्क्रीन क्षतिग्रस्त होने के कारण फोन रिसीव नहीं किया जा सका। बैग की तलाशी लेने पर बैंक ऑफ बड़ौदा का एक एटीएम कार्ड मिला, जिस पर “अंकित गुप्ता” नाम अंकित है। जेब में एक रेलवे की टिकट रखी मिली है।
प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अज्ञात युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं। घटना की सूचना रेलवे के स्टेशन मास्टर को दे दी गई है और फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुला लिया गया है। मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।