- जागरण टुडे, गुड्डू यादव,कासगंज।
- जिले में “बेटी पढ़ाओ अभियान” के अंतर्गत चामुंडा गेट स्थित शहनाई गार्डन में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लखनऊ से पधारे डॉ. यासूब अब्बास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
- अपने संबोधन में डॉ. यासूब अब्बास ने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित बेटी पूरे परिवार को शिक्षित और सशक्त बनाती है तथा समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
- डॉ. नवल किशोर शाक्य ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सावित्रीबाई फुले और फातिमा शेख के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान महिलाओं ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए और बेटियों की शिक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा ही बेटियों को आत्मनिर्भर बनाती है।
- अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब बेटियों को समान अवसर और सम्मान मिले। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक दौर में अंग्रेजी शिक्षा का ज्ञान भी आवश्यक है, जिससे बेटियां वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें और अपने भविष्य को मजबूत बना सकें।
- सदाकत हुसैन ने कहा कि बेटियों को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे कार्यक्रम सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का आयोजन असद हुसैन, यावर हुसैन, नकी हैदर, फैसल चीमा, शानू मित्तल, राजू मेंबर, चंदा वारसी, परवेज अख्तर और सफदर हुसैन द्वारा किया गया, जबकि संचालन अलमदार हुसैन ने किया।
- कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। सम्मानित छात्राओं में नेहा कश्यप, बतूल जहरा, माईशा मलिक, रिफना सैफी, अनाया खान, आयशा खान, किंजा, फारिहा और उमरा शामिल रहीं। सम्मान प्राप्त कर छात्राओं में विशेष उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
- अंत में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से होते रहने चाहिए, ताकि बेटियों की शिक्षा के प्रति जागरूकता और अधिक बढ़े।