जागरण टुडे, कासगंज।
जिले के अमांपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्रवधू गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा महेशपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब दोनों बाइक से हाथरस जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान वैदराम पुत्र पोखपाल निवासी गांव डेंगरी, थाना अमांपुर, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। वैदराम अपने गांव में राशन डीलर के रूप में कार्यरत थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। शनिवार की सुबह वह अपनी पुत्रवधू अनामिका को होमगार्ड की भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से हाथरस ले जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब वे महेशपुर गांव के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे लकड़ी से लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अलीगढ़ ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में वैदराम ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी पुत्रवधू अनामिका की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वैदराम की अचानक मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।