जागरण टुडे, कासगंज।
शहर के एटा बरेली बाईपास रोड सोनू ढावा स्थित यूपी-87 सुपर ओयो होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड एटा जनपद से जुड़े एक प्रकरण की जांच के लिए पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जानकारी मिलते ही होटल में मौजूद युवक-युवतियों में अफरा-तफरी मच गई और संचालक ने आनन-फानन में होटल के दरवाजे बंद कर दिए।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ घंटे तक ओयो होटल के गेट बंद रखे गए, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। काफी देर बाद कासगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान होटल में ठहरे युवक-युवतियों से पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार होटल में ठहरी युवतियां उत्तर प्रदेश के कई जनपदों के अलावा दिल्ली, बुलंदशहर और मुंबई की बताई जा रही हैं। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने होटल में चल रही गतिविधियों को लेकर नाराजगी जाहिर की और बिना रजिस्ट्रेशन होटल संचालन पर भी सवाल उठाए। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड ने बताया एटा के एक प्रकरण की जांच चल रही थी। उसमे बताया गया कि लडकी यूपी87 सुपर होटल में जाती है, वह रजिस्टर में युवती की एंट्री देखने आई थी, लेकिन यहाँ कुछ और ही मिला है।
जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने होटल के रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच की। हालांकि पूछताछ के बाद पुलिस ने युवक-युवतियों को होटल परिसर में ही छोड़ दिया। मामले में फिलहाल पुलिस द्वारा जांच जारी होने की बात कही जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुपर बाईपास रोड क्षेत्र में संचालित कुछ ओयो होटल लगातार विवादों में रहे हैं और यहां अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। अब राज्य महिला आयोग की सक्रियता के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल के दस्तावेजों और संचालन संबंधी नियमों की जांच की जा रही है। यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।