Saturday, June 13, 2026

KASGANJ: कादरगंज गंगा पुल पर रुह कंपा देने वाला हादसा, मासूम का सिर धड़ से हुआ अलग, माता-पिता समेत तीन की मौत

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 26, 2026

KASGANJ: कादरगंज गंगा पुल पर रुह कंपा देने वाला हादसा, मासूम का सिर धड़ से हुआ अलग, माता-पिता समेत तीन की मौत

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के कादरगंज गंगा पुल पर रविवार दोपहर बाद ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी। तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार परिवार को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि दो वर्षीय मासूम का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि माता-पिता ने भी मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक मंजर को जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रमपुरा, पटियाली निवासी सोमवीर बघेल (28) पुत्र हरिप्रसाद बघेल अपनी पत्नी अनिका (25) और दो वर्षीय पुत्र शिवा के साथ मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल सिरोही (जनपद बदायूं) से अपने गांव लौट रहे थे। परिवार हंसी-खुशी घर लौट रहा था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि कादरगंज गंगा पुल पर मौत उनका इंतजार कर रही है।


जैसे ही उनकी बाइक कादरगंज गंगा पुल पर पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे कैंटर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।


हादसे मे मासूम का सिर धड़ से हुआ अलग

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज दो वर्षीय मासूम शिवा टक्कर लगते ही कई फीट दूर जा गिरा और उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पुल पर मौजूद राहगीरों ने जब यह खौफनाक दृश्य देखा तो हर कोई सहम गया। कई लोगों की आंखों से आंसू निकल पड़े। मासूम का शव सड़क पर पड़ा देख वहां चीख-पुकार मच गई।

वहीं पिता सोमवीर और मां अनिका ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ ही पलों में एक हंसता-खेलता परिवार हमेशा के लिए खत्म हो गया।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद पुल पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। वहीं हादसे में शामिल कैंटर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गांव रम्पुरा में पसरा मातम

इस हृदयविदारक हादसे की सूचना मिलते ही गांव रमपुरा में कोहराम मच गया। मृतकों के घर पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिसने भी यह खबर सुनी, उसकी आंखें नम हो गईं।

एक ही पल में पति, पत्नी और मासूम बेटे की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। कादरगंज गंगा पुल पर हुआ यह हादसा लंबे समय तक लोगों के दिलों में दर्द बनकर रहेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.