समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में पश्चिमी बंगाल चुनाव को लेकर हुई चर्चा
सपा की मासिक बैठक में बंगाल चुनाव के नतीजों पर गहन मंथन हुआ। बैठक में महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि वहां सत्ता विरोधी लहर और केंद्रीय बलों के माध्यम से मतदाताओं को डराकर नतीजे छीने गए हैं, लेकिन यूपी में भाजपा की यह दाल गलने वाली नहीं है। आरोप लगाया कि भाजपा जैसे दल से ईमानदारी की उम्मीद करना व्यर्थ है, इसलिए कार्यकर्ताओं को अब और अधिक सतर्क होकर अपने-अपने बूथों की रक्षा करनी होगी।
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा यदि प्रत्येक पदाधिकारी रोजाना मात्र चार घंटे ईमानदारी से पार्टी के लिए काम करे, तो हमें कोई नहीं हरा पाएगा। उन्होंने विशेष रूप से नगर निगम के पार्षदों और वार्ड अध्यक्षों को सक्रिय करने पर जोर दिया ताकि बूथ स्तर पर टीम को मजबूत किया जा सके।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य इंजी. अनीस अहमद ने वोट बचाने और नए वोट बनवाने को लक्ष्य बताया, जबकि राजेश अग्रवाल और डॉ. अनीस बेग ने जनता के हितों की लड़ाई लड़ने और कैंपों के माध्यम से नए मतदाता जोड़कर 2027 में सत्ता में आने का संकल्प दोहराया। महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने जिला वाले महानगर अध्यक्ष से वार्डो में प्रभारी नियुक्त कर, वार्ड और बूथ कमेटी को धार देनें के लिए पदाधिकारियों को निर्देशित करने के लिए आग्रह किया।
बैठक में पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, महानगर उपाध्यक्ष दिनेश यादव, राजेश मौर्या, अनुज गंगवार, अशोक यादव, गौरव सक्सेना, अनिल जौहरी, भारती चौहान, हैप्पी यादव, सीमा श्रीवास्तव, नीरज गुप्ता, सुनील सागर, अमित गिहार, अविनाश मिश्रा, इश्तियाक सकलेनी, महेन्द्र बिक्रम, जावेद गद्दी, कुलदीप राणा, सतेंद्र यादव, वरुण गिहार आदि मौजूद रहे।