जागरण टुडे, कासगंज।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं व्यापारी समाज के प्रखर नेता श्रद्धेय पंडित श्याम बिहारी मिश्रा की जयंती पर शुक्रवार को नगर में व्यापार मंडल की ओर से शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जितेंद्र वार्ष्णेय की दुकान पर संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में व्यापारी एवं सामाजिक लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित श्याम बिहारी मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पंडित जी ने अपना पूरा जीवन व्यापारी हितों की रक्षा और छोटे दुकानदारों को सम्मान दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाया और व्यापारी समाज को एकजुट करने का कार्य किया। वक्ताओं ने उन्हें व्यापारी स्वाभिमान का प्रतीक बताया।
भीषण गर्मी को देखते हुए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में राहगीरों, वाहन चालकों और आम लोगों को शीतल शरबत वितरित किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि पंडित श्याम बिहारी मिश्रा का संदेश था कि व्यापारी समाज सेवा और संघर्ष दोनों में अग्रणी भूमिका निभाए। उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए संगठन लगातार सामाजिक और जनहित के कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुरेश वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष जितेंद्र वार्ष्णेय, जिला महामंत्री प्रदीप गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री युवा अंकुर गुप्ता, युवा नगर अध्यक्ष अरविंद वार्ष्णेय, नगर महामंत्री किशोर अग्रवाल, सौरव वार्ष्णेय, सौरव गुप्ता, राजू अग्रवाल, अमित वार्ष्णेय, वीरेंद्र वार्ष्णेय डब्बू, गोलू, कृष्णा वंश सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारियों ने पंडित श्याम बिहारी मिश्रा के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। “पंडित जी अमर रहें” के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।