जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के सिढ़पुरा नगर में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर शनिवार को भव्य शोभायात्रा धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां, डीजे और बैंड-बाजों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भगवान परशुराम के स्वरूप की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। उनके पीछे दंडी स्वामी जी का रथ चल रहा था, जबकि शिव-पार्वती स्वरूपों द्वारा प्रस्तुत तांडव नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।
शोभायात्रा गंजडुंडवारा मार्ग से प्रारंभ होकर धुमरी मार्ग स्थित शिवकाली मंदिर, सराय पट्टी, एटा मार्ग होते हुए अमांपुर मार्ग स्थित पीआर इंटर कॉलेज पर जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान परशुराम का स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय दुबे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा एवं विधायक हरिओम वर्मा मौजूद रहे। अतिथियों ने भगवान परशुराम के स्वरूप की आरती उतारकर एवं माल्यार्पण कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने विष्णु भगवान के छठे अवतार भगवान परशुराम को माला पहनाकर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में महेश दुबे, रघुवंश लाल, गोरी शंकर शर्मा, सम्मी कपूर गुप्ता, अरविंद शर्मा, रूपकिशोर पाठक, प्रदीप मिश्रा, रामू भैया, मोहित पचौरी, अतर सिंह पाल, ग्रीस चंद्र, गौरव पाण्डेय, सुबोध, ऋषभ उपाध्याय, वैभव, पप्पू मंत्री, मंडल अध्यक्ष समर सिंह, अवधेश दुबे, सचिन कुमार, गोविंद चतुर्वेदी, देवेंद्र मिश्रा और धर्मेंद्र शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल एवं पीएसी जवानों के साथ तैनात रहे।