पीले परिधानों में सजी महिलाओं ने बढ़ाई शोभा, फूलों की वर्षा से हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत
सनातन आध्यात्मिक परंपरा और भक्ति भाव के वातावरण के बीच बरेली जनपद के कस्बा मीरगंज के मोहल्ला मेवात (टीचर कॉलोनी) स्थित सिद्धपीठ श्री ब्रह्मदेव-शनिदेव मंदिर परिसर में शनिवार रात्रि से सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का शुभारम्भ श्रद्धा और उल्लास के साथ हो गया। कथा आरम्भ से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे कस्बे को भक्तिमय बना दिया।
दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर से कलश यात्रा का शुभारम्भ हुआ। यात्रा कस्बे के प्रमुख धार्मिक स्थलों—दुर्गा मंदिर, शिव मंदिर, सिरौली चौराहा मंदिर और गायत्री मंदिर से होती हुई स्टेशन रोड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के सामने से गुजरकर पुनः कथा स्थल पर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जय श्री राधे और हरिनाम संकीर्तन के साथ भक्ति रस की अद्भुत छटा बिखेरी।
कलश यात्रा में पीले वस्त्र धारण किए सिर पर कलश रखे महिलाओं की आस्था और श्रद्धा देखते ही बन रही थी। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत की धुन पर महिला एवं पुरुष श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। हरिओम गुप्ता सहित अनेक लोगों ने श्रद्धाभाव से यात्रा का स्वागत-सत्कार किया।
विशेष आकर्षण का केंद्र रहे पूर्व शिक्षक सतीश चंद्र तिवारी, जिन्होंने अपने सिर पर श्रीमद भागवत महापुराण धारण कर यात्रा में भाग लिया। उनके इस भावपूर्ण समर्पण ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
रात्रि बेला में मथुरा-वृंदावन से पधारे कथा व्यास अयोध्या दास महाराज ने अपने मुखारविंद से श्रीमद भागवत कथा का संगीतमय और भावपूर्ण शुभारम्भ किया। उन्होंने भक्ति, धर्म और मानव जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कथा को बड़े ही मार्मिक अंदाज में प्रस्तुत किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और पूरे परिसर में “राधे-राधे” तथा “जय श्रीकृष्ण” के जयकारे गूंजते रहे।
कार्यक्रम में पंडित सतीश चंद्र तिवारी, सचिन तिवारी उर्फ छोटू, ओमप्रकाश गंगवार, चौधरी सोवरन सिंह, विमल कुमार उर्फ टिंकू शर्मा, रामकिशोर पाण्डेय, नन्हें शर्मा, परमेश्वरी, भविष्य द्विवेदी, वंश, श्लोक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महिलाओं में पदमा तिवारी, ममता शर्मा, राजबाला, मंजू तिवारी, काजल पाठक, सविता, सुधा गंगवार, प्रिया तिवारी, संगीता, शशि सिंह, रजनी गुप्ता, सीता गुप्ता, उषा, नीलम, सुनीता और कमलेश सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।