जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के सभी थानों में रविवार के साप्ताहिक अवकाश के अवसर पर रात्रि मे बड़े खाने का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया तथा आपसी संवाद और सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम ने पुलिस परिवार की एकजुटता और संगठनात्मक संस्कृति को मजबूती प्रदान की।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान थाना ढोलना पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठकर बड़ा खाना खाया। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार तथा क्षेत्राधिकारी सहावर शाहिदा नसरीन ने थाना सहावर में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार ने थाना पटियाली में पुलिस कर्मियों के साथ भोजन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने कहा कि बड़ा खाना पुलिस विभाग की वर्षों पुरानी परंपरा है, जो संगठनात्मक संस्कृति का अहम हिस्सा मानी जाती है। ऐसे आयोजनों से पुलिस कर्मियों के बीच भाईचारा, एकता, टीम भावना और आपसी समन्वय मजबूत होता है, साथ ही मानसिक तनाव भी कम होता है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही मैस की स्वच्छता एवं भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने मैस में कार्यरत अनुचरों के कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया।
जनपद के विभिन्न थानों में आयोजित बड़े खाने के इस कार्यक्रम ने पुलिस परिवार के भीतर आत्मीयता और सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य किया।