मथुरा। उत्तरप्रदेश KDS International School का सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित हुआ, जिसमें विद्यालय ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया। विद्यालय के सभी 143 पंजीकृत छात्र अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण हुए। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
विद्यालय की छात्रा याशी अग्रवाल ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं देव कृष्ण शर्मा ने 94.06 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। विनायक कटारा और प्रकुंज शर्मा ने 94 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
याशी अग्रवाल ने गणित और अंग्रेजी विषय में शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं कृष्णम अग्रवाल ने भी विशेष उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। देव कृष्ण शर्मा ने शारीरिक शिक्षा में 99 और रसायन विज्ञान में 95 अंक प्राप्त किए।
गणित विषय में प्रकुंज शर्मा ने 99 अंक हासिल किए, जबकि जीव विज्ञान में कृतिका पाल ने 96 अंक प्राप्त किए। भौतिक विज्ञान में याशी अग्रवाल ने 95 अंक अर्जित किए। इसके अलावा ईशानवी जैन ने जीव विज्ञान में 96 और स्वप्निल वर्मा ने भौतिक विज्ञान में 94 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार अंग्रेजी विषय में 28, गणित में चार, भौतिक विज्ञान में नौ तथा रसायन विज्ञान में 11 छात्रों ने 90 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। विद्यालय के चेयरमैन ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के कारण ही विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार उत्कृष्ट रहा है।
विद्यालय टॉपर याशी अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हो सकी।