जागरण टुडे, राहुल गुप्ता, पटियाली ।
कस्बा स्थित हाजी हरवेन शाह रहमतुल्लाह अलैहि की दरगाह पर आयोजित पांच दिवसीय उर्स के दूसरे दिन शनिवार रात मुकाबला-ए-कव्वाली की शानदार महफिल सजी। देर रात से लेकर सुबह तक चले इस सूफियाना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे जायरीन और श्रोताओं ने कव्वालियों का भरपूर आनंद लिया। पूरी रात दरगाह परिसर सूफियाना कलामों और इबादत के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का उद्घाटन रात करीब 11 बजे हाजी रईस अहमद, वरिष्ठ समाजसेवी इस्लाम नवी और बिलाल अहमद ने संयुक्त रूप से मंच पर फीते की गांठ खोलकर किया। इस दौरान उर्स कमेटी की ओर से अतिथियों को चांदी का मुकुट, शॉल और फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। अन्य गणमान्य मेहमानों का भी स्वागत कर सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन मशहूर शायर फूलमियां अता ने किया।
इसके बाद मुकाबला-ए-कव्वाली का दौर शुरू हुआ, जिसमें नईम साबरी सैदपुर बदायूं तथा रौशनी चंचल और रुखसार लखनऊ के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। कव्वालों ने हाजी हरवेन शाह बाबा की शान में एक से बढ़कर एक सूफियाना कलाम पेश कर महफिल में समा बांध दिया। “भर दो झोली मेरी” और अन्य सूफी कलामों पर श्रोता देर रात तक झूमते रहे। कव्वाली का कार्यक्रम सुबह करीब चार बजे तक चला, जिसके बाद तबर्रुख तकसीम किया गया।
उर्स में पहुंचे अकीदतमंदों ने बाबा की मजार पर चादरपोशी कर फूल चढ़ाए तथा अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।
उर्स कमेटी अध्यक्ष मोइस मुखिया ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, पुलिस प्रशासन और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सभासद मारूफ कुरैशी, डॉ. इरफान खान, सज्जादा नशीन फौजी शाह मलंग बाबा, बुलंद अख्तर, मोहम्मद नबी, आबाद मियां, फैजान नबी, अफसर अली, शानू शेख, इस्तियाक अली, हिकमत अली फारूखी, डॉ. मुजाहिद हुसैन और आरिफ सलमानी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।