जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज पुलिस का मानवीय चेहरा उस समय देखने को मिला जब क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार ने शनिवार को गश्त के दौरान सड़क हादसे में घायल युवक को अपनी सरकारी गाड़ी से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार बदन सिंह निवासी ग्राम बिलौली बड़े गांव कोटरा से मोटरसाइकिल द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। तभी चांडी चौकी से करीब एक किलोमीटर पहले अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर और कान से खून बहने लगा तथा वह सड़क किनारे असहाय अवस्था में पड़े रहे।
इसी दौरान क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार थाना सिकंदरपुर वैश्य के निरीक्षण के बाद क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। घायल को देखकर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना समय गंवाए घायल को अपनी सरकारी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी कासगंज से वार्ता कर घायल को तत्काल बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई।
समय पर उपचार मिलने से घायल की हालत में सुधार हुआ और शनिवार को उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
घायल बदन सिंह एवं उनके परिजनों ने क्षेत्राधिकारी पटियाली और कासगंज पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई। क्षेत्र में पुलिस के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा हो रही है।