गंजडुंडवारा में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, सीओ अमित कुमार ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और रील बनाने से बचने की दी हिदायत
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर सोमवार को कोतवाली गंजडुंडवारा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम प्रदीप कुमार विमल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुर्बानी केवल घरों अथवा निर्धारित निजी परिसरों में ही की जाए। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और खुले क्षेत्रों में कुर्बानी करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि शासन की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सीओ अमित कुमार ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी से संबंधित वीडियो, फोटो या रील सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम प्रदीप कुमार विमल ने कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों को नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थानों एवं गड्ढों में ही दफनाया जाए। खुले में अवशेष फेंकने या गंदगी फैलाने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने नगर पालिका को पर्व के दौरान साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने कहा कि बकरीद त्याग, भाईचारे और धार्मिक सौहार्द का पर्व है, जिसे सभी समुदायों को मिल-जुलकर शांतिपूर्वक मनाना चाहिए। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में धर्मगुरु हाफिज तकलीम, शमशुल प्रधान, डॉ. संजय, बबलू कुरैशी, सुमित विजयवर्गीय, हाशिम, सलीम हुसैन, लाल मियां, के.के. मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी राधेश्याम, क्षेत्रीय प्रधान, नगर पालिका प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।