Wednesday, June 3, 2026

गुन्नौर में विधवा को घर के अंदर जिंदा फूंका

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: May 18, 2026

गुन्नौर में विधवा को घर के अंदर जिंदा फूंका

वायरल वीडियो में महिला ने गांव के दो लोगों पर लगाया आरोप

जागरण टुडे, संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल जिले के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव रसूलपुर में रविवार आधी रात के बाद हुई वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। बेखौफ दबंगों ने घर में घुसकर विधवा को जिंदा जला दिया। महिला को कमरे में बंधक बनाकर उसके ऊपर डीजल और तेल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह गांव के ही दो लोगों के ऊपर हत्या करने का आरोप लगाते हुए दिख रही है। पुलिस ने एक नामजद समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

संभल जिले के गांव रसूलपुर निवासी विधवा अनेकश्री (44) अपने 15 वर्षीय बेटे के साथ घर में रहती थी। बताया गया कि रविवार रात खाना खाने के बाद मां-बेटा घर में सो गए। देर रात करीब साढ़े तीन बजे दो युवक दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गए। आरोप है कि दोनों ने पहले महिला को जबरन उठाया और फिर उसे घर के खाली कमरे में ले गए। वहां महिला के साथ मारपीट की गई।

विरोध करने पर आरोपियों ने उसके मुंह पर गमछा बांध दिया। इसके बाद दबंगों ने महिला के ऊपर डीजल और तेल उड़ेलकर आग के हवाले कर दिया। महिला की चीखें सुनकर बेटा जाग गया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह गंभीर रूप से झुलसी महिला को बाहर निकाला।

इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले जाया गया। चिकित्सकों ने महिला को 70 प्रतिशत से अधिक झुलसा होने पर प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालत लगातार बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया, जहां कुछ देर उपचार के बाद महिला ने दम तोड़ दिया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.