जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कासगंज पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली कासगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम नदरई निवासी जुम्मा बंजारा पुत्र मुंशी बंजारा तथा इरफान पुत्र चमन बंजारा लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे। नियमानुसार परीक्षण के बाद दोनों के खिलाफ क्रमशः 55/B और 56/B हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की गई है।
जुम्मा बंजारा पिछले सात वर्षों से तथा इरफान पिछले ग्यारह वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। दोनों का पूर्व से आपराधिक इतिहास दर्ज है। पुलिस अब इनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी और थाना स्तर से दिन एवं रात में निगरानी की जाएगी।
पुलिस विभाग द्वारा जनपद के सभी हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की लोकेशन अक्षांश-देशांतर के आधार पर फीड कर मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जनपद के राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने सर्किल के चिन्हित अपराधियों की समीक्षा कर गुण-दोष के आधार पर नई हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है।
कासगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।