जांच में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता उजागर, सगे संबंधियों के खातों में भेजी गई थी पंचायत निधि; सचिवों से भी मांगा गया जवाब
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज में पंचायत की रकम को “परिवारिक फंड” समझने वाले दो ग्राम प्रधानों पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बड़ा प्रहार किया है। सहावर की ग्राम पंचायत अलादीनपुर और सिढ़पुरा की ग्राम पंचायत अजीतनगर में सरकारी धन रिश्तेदारों के खातों में भेजने के मामले में दोनों प्रधानों को पद से हटा दिया गया। जांच में लाखों रुपये के ट्रांसफर का खेल खुलने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।
हैंडपंप रिबोर के नाम पर परिवार को पहुंचाए 7.54 लाख
सहावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलादीनपुर में शिकायतकर्ता विजेंद्र सिंह की शिकायत पर जांच हुई तो बड़ा गड़बड़झाला सामने आया। आरोप है कि प्रधान पप्पू सिंह ने हैंडपंप रिबोर के नाम पर पंचायत की 7 लाख 54 हजार 165 रुपये की धनराशि अपने बेटे अखिलेश, नाबालिग बेटे किशन और पिता राजवीर सिंह के खातों में मजदूरी भुगतान दिखाकर ट्रांसफर कर दी।
जांच में वित्तीय नियमों की अनदेखी साबित हुई। इसके बाद डीएम ने प्रधान को पद से हटाने के आदेश जारी कर दिए।
अजीतनगर में पति, देवर और देवरानी के खातों में पहुंची पंचायत की रकम
सिढ़पुरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अजीतनगर में भी पंचायत धनराशि को लेकर बड़ा खेल सामने आया। शिकायतकर्ता शैलेंद्र कुमार सोलंकी की शिकायत पर हुई जांच में ग्राम प्रधान प्रीति पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सही पाए गए।
जांच में सामने आया कि पंचायत खाते से प्रधान प्रीति ने अपने पति संजीव कुमार के खाते में 1.44 लाख रुपये, देवर आशीष के खाते में 6.75 लाख रुपये और देवरानी नेहा के खाते में 1.98 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुल 10 लाख 17 हजार 600 रुपये रिश्तेदारों के खातों में भेजे गए।
जांच अधिकारी के सामने ग्राम प्रधान कोई संतोषजनक साक्ष्य नहीं दे सकीं, जिसके बाद डीएम ने उन्हें भी प्रधान पद से हटा दिया।
सचिवों पर भी लटकी कार्रवाई की तलवार
दोनों ग्राम पंचायतों के सचिवों से भी जवाब तलब किया गया है। पंचायत राज विभाग ने साफ किया है कि विकास कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए दोनों ग्राम पंचायतों में तीन सदस्यीय टीम गठित की जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश चौरसिया ने बताया कि जांच में दोष सिद्ध होने पर डीएम प्रणय सिंह के आदेश पर दोनों प्रधानों को पद से हटा दिया गया है।