श्री रामदत्त सुखदेवी इंटर कॉलेज में पुरस्कार वितरण समारोह, हाईस्कूल और इंटर के टॉपर्स हुए सम्मानित
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
श्री रामदत्त सुखदेवी इंटर कॉलेज, मझोला दरियावगंज में शुक्रवार को वार्षिक महोत्सव एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी अधिवक्ता अब्दुल हफीज गांधी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधान देवेंद्र सिंह एवं डॉ. देवेंद्र कुमार शाक्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाईस्कूल परीक्षा में वंदना सक्सेना ने प्रथम, आरजू मंसूरी ने द्वितीय तथा प्रिया माथुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में पिंकी राठौर प्रथम, संगीता प्रजापति द्वितीय और अंशु चौहान तृतीय स्थान पर रहीं। सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि शिक्षा समाज और देश की सबसे बड़ी ताकत है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अध्ययन के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
प्रधान देवेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शैक्षिक आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। वहीं डॉ. देवेंद्र कुमार शाक्य ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा मोबाइल व सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी।
विद्यालय के प्रबंधक सत्यवीर सिंह यादव ने बताया कि संस्था हर वर्ष मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। प्रधानाचार्य उरबेंद्र सिंह यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित सोनेलाल यादव ने की तथा संचालन दुर्जन सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर राजवीर सिंह, शरद मोहन, मधु यादव, वैष्णवी शर्मा, अंजली शर्मा, बृजेश कुमार, रिचा मिश्रा, सुखवीर सिंह, सेवा तोमर सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे।
समारोह का समापन मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।