Saturday, June 13, 2026

KASGANJ NEWSभाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर राशन की दुकान दिलाने के नाम पर 50 हजार हड़पने का आरोप

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 24, 2026

KASGANJ NEWSभाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर राशन की दुकान दिलाने के नाम पर 50 हजार हड़पने का आरोप


एसडीएम से करीबी संबंध बताकर दिलाने का दिया था भरोसा, पीड़ित ने रिकॉर्डिंग के साथ सौंपा शिकायती पत्र

जागरण टुडे गुड्डू यादव,कासगंज

तहसील क्षेत्र में निलंबित राशन की दुकान के आवंटन को लेकर एक नया मामला सामने आया है। गांव मोहिनी मामूरगंज निवासी निरोत्तम ने भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह पर राशन की दुकान आवंटित कराने के नाम पर 50 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराई है।

पीड़ित निरोत्तम का आरोप है कि गांव की राशन की दुकान निलंबित होने के बाद उसके आवंटन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने उससे संपर्क किया और उपजिलाधिकारी से अपने व्यक्तिगत संबंध होने का दावा किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिना खुली बैठक कराए ही राशन की दुकान का आवंटन उसके पक्ष में करा दिया जाएगा।

आरोप है कि इस काम के बदले अखंड प्रताप सिंह ने 50 हजार रुपये की मांग की, जिसे विश्वास में आकर पीड़ित ने दे दिया। हालांकि बाद में गांव में राशन दुकान के आवंटन को लेकर खुली बैठक आयोजित कर दी गई और पीड़ित को दुकान मिलने की संभावना समाप्त होती दिखाई दी।

निरोत्तम का कहना है कि जब उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उसने कई बार फोन और व्यक्तिगत मुलाकात कर अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने रकम लौटाने से इंकार कर दिया। पीड़ित के अनुसार, अखंड प्रताप सिंह ने यह तक कह दिया कि रुपये “एसडीएम साहब तक पहुंच चुके हैं” और काम हो जाएगा। इसके बावजूद न तो उसका काम हुआ और न ही रकम वापस मिली।

मामले से आहत पीड़ित ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने फोन वार्ता की रिकॉर्डिंग भी अधिकारियों को सौंपी है। अब प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की चर्चा तेज हो गई है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.