जागरण टुडे, कासगंज(राहुल गुप्ता)
पटियाली थाना क्षेत्र के अलीगंज मार्ग स्थित ग्राम गूंदरागंज के निकट सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रुस्तमपुर निवासी 25 वर्षीय श्रीकृष्ण पुत्र रघुवीर शाक्य और 35 वर्षीय देवसिंह पुत्र तोताराम पटियाली से डीजल लेकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अलीगंज की ओर से आ रही बकरों से लदी एक पिकअप का अचानक टायर फट गया। टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर बाइक से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रीकृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए हाइवे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।