जागरण टुडे,कासगंज(राहुल गुप्ता)
पटियाली। कस्बे के मोहल्ला चौक में गुरुवार सुबह अचानक हुए हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। सार्वजनिक चौपाल के पास खड़ा करीब 50 फुट ऊंचा पुराना नीम का पेड़ भरभराकर रिहायशी क्षेत्र में गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से झोपड़ी में मौजूद मां-बेटा घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मोहल्ला निवासी धीरज कश्यप ने बताया कि चौपाल के पास वर्षों पुराना नीम का पेड़ खड़ा था। गुरुवार सुबह अचानक पेड़ टूटकर पास की झोपड़ी पर जा गिरा। हादसे के समय झोपड़ी में शीला पत्नी जुगेंद्र कश्यप और उनका बेटा हनी कश्यप मौजूद थे। पेड़ गिरते ही दोनों उसके नीचे दब गए और घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और किसी तरह पेड़ के नीचे दबे सामान को बाहर निकालते हुए मां-बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय यदि वहां अधिक लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में मोहल्ले के लोगों ने पेड़ को कटवाकर रास्ते से हटवाया, जिससे आवागमन फिर से सामान्य हो सका।