Saturday, June 13, 2026

Bareilly News : लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर निकली भव्य बाइक रैली, समाज के लोगों ने किया श्रद्धापूर्वक स्मरण

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 31, 2026

Bareilly News : लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर निकली भव्य बाइक रैली, समाज के लोगों ने किया श्रद्धापूर्वक स्मरण

ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली)

अखिल भारतीय धनगर महासंघ के तत्वावधान में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती रविवार को बरेली जनपद के मीरगंज में श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित बाइक रैली और सम्मान समारोह में धनगर समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर लोकमाता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।


कार्यक्रम का शुभारंभ मढ़ी सत्याना रामलीला मेला ग्राउंड से हुआ, जहां से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मढ़ी सत्याना पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जयकारे लगाए तथा उनके आदर्शों, सामाजिक समरसता और जनसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

रैली के उपरांत प्रकाश मंडल में एक विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके उत्कृष्ट प्रशासन, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों तथा राष्ट्र और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महानतम महिला शासकों में से एक थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, धर्मस्थलों के संरक्षण और समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।


मुख्य अतिथि बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने लोकमाता के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा तथा ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार,वीरेन्द्र गंगवार उर्फ़ वीरू  ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा और सुशासन का अनुपम उदाहरण है। नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाजहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन संयोजक ओमपाल धनगर ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी कृष्णपाल धनगर ने संभाली। इस अवसर पर राजेंद्र धनगर, केशव धनगर, सुमित धनगर, बुलाकी राम धनगर, नरोत्तम धनगर, सत्यपाल धनगर, मुकेश धनगर, अमन धनगर, चंद्रपाल, नत्थू लाल, विजय, विशाल, अजय धनगर, सत्येंद्र धनगर, आर्यन धनगर, विक्की, देवेश, बीडी धनगर, ओमपाल फौजी धनगर, वीरेंद्र, शिवम धनगर, हरीश पाल धनगर  सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर समाज के लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को अपनाने तथा सामाजिक एकता एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.