Saturday, June 13, 2026

KASGANJ NEWS महारानी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी प्रासंगिक : मनोज पांडेय

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 31, 2026

KASGANJ NEWS महारानी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी प्रासंगिक : मनोज पांडेय

गुड्डू यादव, कासगंज

जागरण टुडे, कासगंज।

जिला कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय पर लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके लोककल्याणकारी कार्यों को याद किया।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की न्यायप्रिय, कुशल और जनप्रिय शासकों में शामिल थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में बिना किसी जातीय या साम्प्रदायिक भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया। महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, कृषि विकास, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्होंने देशभर में मंदिरों, धर्मशालाओं, घाटों, कुओं और तालाबों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया।

वक्ताओं ने कहा कि काशी के प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट सहित कई ऐतिहासिक स्थलों के विकास में अहिल्याबाई होल्कर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के साथ घाटों, कुंडों और जनहित से जुड़े अनेक निर्माण कार्य कराए, जो आज भी उनकी दूरदर्शी सोच और जनसेवा की भावना को दर्शाते हैं।

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर सामाजिक समरसता, सद्भाव और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की प्रतीक थीं। उनके आदर्श आज भी लोकतांत्रिक मूल्यों, जनसेवा और समावेशी राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में उनके विचार और कार्यशैली समाज को एकता, सेवा और न्याय का संदेश देते हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता सत्य प्रकाश गुप्ता, प्रतिभा सिंह, दीप कुमार पांडेय, महेंद्र पाल लोधी एडवोकेट, अली हसन सोहराब, अमर दीन अंसारी, रजनीश उपाध्याय, अमित भय्यू, मोहम्मद सनी, राजा सलमानी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.