जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी उड़ाने वाले चोरों पर सोरों पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 5200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 16 मुकदमे दर्ज हैं।
थाना सोरों क्षेत्र के मोहल्ला रामसिंहपुरा निवासी सुंदरपाल पुत्र रामस्वरूप ने 30 अक्तूबर को पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 28/29 अक्तूबर की रात उनका पूरा परिवार नगरिया स्थित अपने मकान पर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर के ताले तोड़ दिए और अंदर रखे सभी जेवरात के साथ 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा संख्या 415/26 धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में थाना सोरों पुलिस को निर्देश दिए थे। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
शनिवार को थाना सोरों पुलिस ने चेकिंग के दौरान कस्बा सोरों के मेला ग्राउंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सनी जाटव पुत्र राममूर्ति और शिवम उर्फ भूरा पुत्र बिजेंद्र निवासी बदरिया, थाना सोरों, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी और 5200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की अंगूठी, एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की दो जोड़ी छोटी कान की बालियां, एक सोने का मिनी लॉकेट, चांदी की एक जोड़ी रेशम पट्टी, एक जोड़ी चांदी की पायल और चांदी की एक माला बरामद की है। इसके अलावा 5200 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सनी जाटव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ थाना सोरों और कासगंज जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल बरामदगी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गुंडा अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में 16 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 से लेकर वर्ष 2026 तक के मामले शामिल हैं। वर्तमान चोरी की घटना का मुकदमा भी उसके खिलाफ दर्ज है।
वहीं, दूसरे आरोपी शिवम उर्फ भूरा के खिलाफ फिलहाल थाना सोरों में चोरी की इसी घटना से संबंधित मुकदमा संख्या 415/26 धारा 331(4) और 305 बीएनएस दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी की घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना सोरों के लोकेश भाटी, उपनिरीक्षक सुमित त्रिपाठी, उपनिरीक्षक प्रहलाद सिंह, मुख्य आरक्षी शैलेंद्र कुमार तथा आरक्षी रूपेश कुमार, विकास आर्य और प्रशांत शर्मा शामिल रहे।