जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सोमवार तड़के आतंकियों ने ग्राम रक्षा गार्ड के घर पर हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आतंकी को मार गिराया। मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी घायल हो गया।
सूत्रों के मुताबिक राजौरी जिले की बुद्धल तहसील के गुंधा गांव में करीब 3:10 बजे ग्राम रक्षा गार्ड के घर पर आतंकियों ने हमला किया, जिसे सेना के जवानों ने नाकाम कर दिया। अभियान में एक आतंकवादी को भी मार गिराया गया है। हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए एक बड़े आतंकी हमले को नाकाम कर दिया है। मुठभेड़ के दौरान एक जवान घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी सेना की आतंकियों से मुठभेड़ जारी है।
सेना ने शुरू किया ऑपरेशन ऑल आउट
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने क्षेत्र में बढ़ते आतंकवादी हमलों को लेकर शनिवार को जम्मू में बैठक की थी। इसके बाद से सेना जम्मू के पहाड़ी इलाकों में सक्रिय आतंकियों को बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन ऑल आउट चला रही है। इस ऑपरेशन के लिए 3000 सैनिकों और 500 पैरा कमांडो को लगाया गया है।