Wednesday, July 29, 2026

कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी का पटियाली थाने पर देर रात औचक निरीक्षण, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 29, 2026

कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी का पटियाली थाने पर देर रात औचक निरीक्षण, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार, ड्रोन-सीसीटीवी निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के दिए निर्देश

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पटियाली (राहुल गुप्ता) कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह ने मंगलवार देर रात क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के साथ थाना पटियाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, मालखाना, बैरक, मेस, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न व्यवस्थाओं और अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। अभिलेखों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने तथा सभी रिकॉर्ड अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, धैर्य बनाए रखने और किसी भी स्थिति में संयम से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील होना चाहिए।


इसके बाद थाना परिसर में हल्का उपनिरीक्षकों एवं बीट पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने, कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण करने, प्रभावी यातायात डायवर्जन लागू कराने तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।


उन्होंने ग्राम प्रधानों, चौकीदारों, कांवड़ मित्रों, डीजे संचालकों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर शासन की गाइडलाइन से अवगत कराने, कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा थाने के संचार उपकरणों को समय से दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा के दौरान माहौल बिगाड़ने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों, ग्रामीण क्षेत्रों और संदिग्ध मार्गों पर लगातार चेकिंग एवं गश्त के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए निरामिष भोजन और मदिरा की बिक्री पर शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा। इसके लिए ढाबा संचालकों, पेट्रोल पंप मालिकों और संबंधित व्यापारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने के भी आदेश दिए।

निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर देते हुए हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों, पूर्व में गोकशी में लिप्त आरोपियों एवं गौ तस्करों का भौतिक सत्यापन कर उन पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.