मथुरा। विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत शुक्रवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन में हेल्दी बेबी शो व जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शो में कुल 20 बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ हिस्सा लिया, इसमें 12 माह के सिद्धार्थ को प्रथम, 9 माह की गुंजन को द्वितीय और 8 माह की सेजल सिंह को तृतीय स्थान मिला। सीएमओ डॉ. अजय कुमार वर्मा और सीएमएस डॉ. वंदना अग्रवाल ने पुरस्कार वितरण किया। साथ ही सभी बच्चों को उपहार दिए।
सीएमओ ने कहा कि जिले में एक से सात अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। स्तनपान को सुनिश्चित करने के लिए सब सहयोग करें। बच्चे को जन्म के एक घंटे के अंदर गाढ़ा पीला दूध पिलाना आवश्यक है। यह नवजात और मां दोनों के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।
छह माह तक शिशु को केवल कराएं स्तनपान
डॉ. वंदना अग्रवाल ने कहा कि जन्म के शुरुआती दो घंटों तक शिशु अधिक सक्रिय रहते हैं इसलिए शुरुआती एक घंटे के अंदर ही स्तनपान शुरू कराने की सलाह दी जाती है। इससे शिशु स्तनपान करने में सक्षम होता है। साथ ही छह माह तक स्तनपान के अलावा बाहर से कुछ भी नहीं देना चाहिए। ऊपर से पानी भी नहीं। यदि छह माह तक बच्चे को केवल स्तनपान और उसके बाद दो साल तक स्तनपान के साथ पूरक पोषाहार दिया जाए तो बच्चा सुपोषित होगा।
12 गतिविधियों के आधार पर चुना गया विजेता
डॉ. वंदना अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में स्तनपान, टीकाकरण की स्थिति, साफ-सफाई, शिशु का वजन, व सामान्य जांचे की गई। इन गतिविधियों में 12 माह के सिद्धार्थ को शत-प्रतिशत पाया गया, जिसके लिए उसको प्रथम स्थान दिया गया। इस दौरान एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. शशि रंजन, डॉ. पीयूष सोनी, डॉ. नंदिता दास, डीएचईआईओ जितेंद्र सिंह, डीसीपीएम पारुल शर्मा, मुकेश कुमार, गायत्री ठाकरे आदि थे।