-डिग्लिस नगर मार्ग पर वर्षों से बनी समस्या, महिलाओं-बच्चों और राहगीरों का निकलना हुआ मुश्किल; शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
अंकित पंडित, सोरों
जागरण टूडे।
सोरों नगर पालिका परिषद सोरों के वार्ड लहरा में डिग्लिस नगर जाने वाले मार्ग पर वर्षों से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। लगातार बनी इस समस्या से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मुख्य मार्ग पर पानी भरा रहने और कीचड़ फैलने के कारण महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर पालिका की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र की नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण थोड़ी सी बारिश में भी सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं। इससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कीचड़ के कारण पैदल चलने वालों को परेशानी होती है, वहीं दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
मनोज कश्यप,
ग्रामीण मनोज कश्यप ने बताया कि यह समस्या कई वर्षों से चली आ रही है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। बच्चों को स्कूल जाने और महिलाओं को दैनिक कार्यों के लिए निकलने में कठिनाई होती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
रिंकू सिंह
रिंकू ने कहा कि उन्होंने कई बार प्रशासन और नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्रवासियों का धैर्य जवाब देने लगा है और जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
जितेंद्र सिंह
ग्रामीण जितेंद्र ने बताया कि जलभराव के कारण पूरे इलाके में गंदगी फैली रहती है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी पैदा हो गया है। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
प्रेमपाल सिंह
वहीं प्रेमपाल ने कहा कि प्रधान से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। समस्या का खामियाजा आम ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने नगर पालिका से तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, नालियों की सफाई कराने और सड़क को दुरुस्त कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
वर्जन
मामला संज्ञान में आया है, जल्द ही जलभराव मुक्ति दिलाकर इस समस्या से समाधान दिलाया जायेगा-हर्षिता देवडा, एसडीएम एंव ईओ प्रभारी सोरों।