Wednesday, April 1, 2026

Mathura : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को यादगार और भव्य बनाने के लिए जोरशोर से तैयारी में जुटा प्रशासन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 13, 2024

Mathura : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को यादगार और भव्य बनाने के लिए जोरशोर से तैयारी में जुटा प्रशासन
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप इस बार श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर जुट गया है। मंडलायुक्त ऋतु माहेश्वर ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए उत्तम सुविधाएं मुहैया कराने और साजोसज्जा के सभी काम समय से पूरे करके उत्सव को भव्य बनाने के निर्देश दिए। 
बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि परिषद की ओर से जनपद में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सजावट का कार्य किया जाता है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 5 मुख्य मंच और 19 छोटे मंच बनाए जाएंगे। इसमें स्थानीय और प्रदेश के लोक गायकों, सांस्कृतिक दलों और अन्य विशिष्ट दलों को बुलाया जाएगा। 
उन्होंने बताया कि 20 प्रमुख स्थानों पर स्ट्रीट परफोरमेंस आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 17 सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। छोटे चौराहों की सजावट नगर निगम कराएगा। प्रमुख मंदिरों पर लाइटिंग और साज सज्जा का कार्य मंदिर प्रबंधन करेगा। संग्रहालय में ललित कला अकादमी का सहयोग से चित्रकला प्रतियोगिता कराई जाएगी। 
सफाई व्यवस्था के लिए 22 नई क्यूआरटी का गठन
नगर आयुक्त शशांक चौधरी बताया कि सफाई व्यवस्था चाक चौबंद रहे इसके लिए 22 नई क्यूआरटी का गठन किया गया है, इनमें 14 मथुरा और 8 वृन्दावन में तैनात की गई हैं। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मार्गों पर गंदगी नहीं होनी चाहिए और जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दें। जलभराव की समस्या के प्रभावी निदान करें और डार्क स्पॉट को चिहि्नत कर लाइटिंग व्यवस्था करें। इसके अलावा नगर निगम अफसरों को श्रीकृष्ण जन्मभूमि और वृन्दावन की सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। 
चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा पुलिस फोर्स
बैठक में मंडलायुक्त ने एसएसपी शैलेश कुमार पाण्डेय को निर्देश दिए कि सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। आवश्यकतानुसार बाहर से फोर्स की डिमांड की जाए। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहे। जाम की समस्या न हो, इसके लिए एकल यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कुंडों और घाटों पर तैनात रहेंगे फ्लड पीएसी के जवान
एसएसपी ने बताया कि जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पीएसी, आरएएफ और फ्लड पीएसी लगाई जाएगी। महत्वपूर्ण कुण्डों और घाटों पर फ्लड पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। डीएम शैलेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को सभी मार्ग गढ्‌ढामुक्त  करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ मनीष मीना समेत अन्य अधिकारी और मंदिर प्रबंध कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। 

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.