कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के भरगैन नगर पंचायत में मकान निर्माण के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर फायरिंग कर रहे लोग भाग गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नगर पंचायत भरगैन निवासी शाहआलम और मोहम्मद हसन के बीच मकान निर्माण को लेकर विवाद चल रहा है। सात अगस्त को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। उस वक्त लोगों के बीचबचाव करने पर मामला शांत हो गया था।
मंगलवार को इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष में आमने-सामने आ गए। उनके बीच कई राउंड फायरिंग हुई। फायरिंग से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पटियाली इंस्पेक्टर गोविंद वल्लभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही फायरिंग कर दहशत फैला रहे लोग फरार हो गए। वहीं जब दोनों पक्षों में फायरिंग की चल रही थी तो लोगों ने घटना की वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया।
सीओ पटियाली राजकुमार पांडेय ने बताया कि आपसी विवाद में फायरिंग हुई है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना गंभीर है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।