मझोला थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती के मुताबिक वह अमरोहा में एक निजी संस्थान में नौकरी करती थी। वहां आरोपी अल्ताफ भी काम करता था। उसने अपना धर्म छिपाकर उसे अपना नाम आकाश बताया था। काम के दौरान उसकी उससे दोस्ती हो गई, इसके बाद दोनों में फोन पर बातचीत होने लगी।
युवती ने बताया कि मिलने के बहाने एक दिन अल्ताफ उसके घर आया। उस वक्त घर में वह अकेली थी। इसी बात का फायदा उठाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। बाद में जब उसे पता चला कि उसका असली नाम आकाश नहीं अल्ताफ है तो उसने विरोध किया और बातचीत बंद कर दी।
बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने के लिए किया मजबूर
बातचीत बंद करने पर वह उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। उस पर धर्मपरिवर्तन करने का दबाव बनाया। जब उसने इन्कार किया तो गालीगलौज किया। उसे बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने के लिए भी मजबूर किया गया।
चार साल की बेटी के साथ दुष्कर्म की धमकी
पीड़ित युवती ने बताया कि जब अल्ताफ के दबाव बनाने के बाद भी उसने धर्मपरिवर्तन करने और बुर्का पहनकर नमाज पढ़ने से इन्कार किया तो अल्ताफ ने उसकी चार साल की बेटी के साथ दुष्कर्म करने की धमकी दी। इस पर उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी अल्ताफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।