Murder In Rampur : मामला यूपी के रामपुर जिले के सैफनी इलाके का है। यहां बुधवार सुबह रामगंगा पुल के पास गन्ने के खेत में युवक का अर्धनग्न शव मिला। उसका सिर गायब था। पुलिस ने धड़ पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और सिर की तलाश की जा रही है।
युवक की पहचान मुरादाबाद के बिलारी थाने क्षेत्र के गांव राजा का सहसपुर निवासी 25 वर्षीय शानू के रूप में हुई। शानू के पिता साबिर अली ने बताया कि सोमवार शाम शानू रामपुर के सैफनी थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा में अपने मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने गया था, इसके बाद वह घर नहीं लौटा।
परिजन ने बिलारी थाने में शानू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह 11 बजे सैफनी निवासी किसान कोमल सिंह ने अपने गन्ने के खेत में शव पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी महेंद्र पाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद एसपी, एएसपी और एसओसी की टीम ने मौका मुआयना किया। अधिकारियों ने लोगों से शव की शिनाख्त कराई तो पहचान शानू के रूप में हुई।
प्रेमिका के घरवालों पर हत्या का आरोप
शानू के पिता साबिर ने शानू की प्रेमिका के घरवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि जटपुरा गांव में शानू की ननिहाल में है। वहीं की एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोमवार को युवती ने फोन करके शानू को बुलाया था। इसके बाद शानू शादी में जाने की बात कहकर घर से निकल गया था।
प्रेमिका को भाई और पिता समेत हिरासत में लिया
रामपुर एसपी विद्यासागर मिश्र के मुताबिक पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। युवक के सिर की तलाश की जा रही है। परिजन के शक के आधार पर युवती, उसके भाई और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।