जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बरसाना स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन सभागार में श्री राधाष्टमी पर्व 2025 की तैयारियों को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि कान्हा के जन्मोत्सव के बाद राधारानी के जन्मोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट है।
छह जोन और 16 सेक्टरों में बांट बरसाना
श्री राधा जन्मोत्सव को लेकर बरसाना को छह जोन और 16 सेक्टरों में बांटा गया है। इस बार एकल मार्ग के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ को राधारानी मंदिर की सुदामा चौक सीढ़ीयों से प्रवेश कराया जाएगा। वहीं, जयपुर मंदिर मार्ग से श्रद्धालुओं को उतारा जाएगा। 30 से 31अगस्त तक श्रीराधा जन्मोत्सव मनाया जायेगा। इस पर्व का मुख्य कार्यक्रम बरसाना स्थित श्री लाडली जी मंदिर में होगा। इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु श्री लाडली जी मंदिर, बरसाना पहुंचेंगे। इस दौरान 30 अगस्त की सुबह से श्रद्धालुओं को कस्बे के सुदामा चौक की पुरानी सीढ़ीयों से प्रवेश कराया जाएगा। वहीं, जयपुर मंदिर मार्ग से उन्हें नीचे उतारा जाएगा। मेला क्षेत्र में 50 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वाहनों को रोकने के लिए 88 बैरियर लगाए जाएंगे।
खुराफातियों पर नजर रखने को 160 स्थानों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए 160 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। श्री राधाष्टमी महोत्सव के दौरान रोप-वे श्रद्धालुओं के लिए चालू रहेगा। सभी श्रद्धालु बड़ी परिक्रमा करेंगे तथा दर्शन करने वाले व परिक्रमा लगाने वाले सभी श्रद्धालुओं का प्रवेश नए बस स्टैंड से होते हुए राधारानी मंदिर गेट से रहेगा। अभिषेक के दर्शन करीब एक घंटे तक श्रद्धालुओं को कराए जाएंगे। करीब सोलह घंटे तक राधारानी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि परिक्रमा लगाने वाले तथा दर्शन करने वाले सभी श्रद्धालुओं को नया बस स्टैंड होते हुए राधारानी मंदिर गेट पीली कोठी तिराहा से प्रवेश कराया जाएगा।
राधाष्टमी पर बंद रहेंगी छोटी परिक्रमा
इस दौरान छोटी परिक्रमा बंद रहेंगी। सभी श्रद्धालु बड़ी परिक्रमा लगाएंगे। वहीं, रोप-वे का संचालन रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि इस बार चप्पे चप्पे पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सभी पुलिस कर्मियों का व्यवहार श्रद्धालुओं के प्रति विन्रम रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर रिसीवर सुशील गोस्वामी, आशीष शर्मा, मधुमंगल गोस्वामी, डॉक्टर यज्ञ पुरुष गोस्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने मंदिर संबंधी सभी व्यवस्थाओं की जानकारी दी और बताया कि इस बार मंदिर का दो दिन लाइव स्ट्रीम से श्री राधा जन्मोत्सव महोत्सव का प्रसारण मंदिर की वेबसाइट पर किया जाएगा।
पार्किंग स्थलों पर समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने पार्किंग व्यवस्थाओं को मेला से पूर्व सुदृढ़ कराने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी गोवर्धन मौके पर जाकर समस्त पार्किंगों का निरीक्षण कर लें। प्रत्येक मार्ग पर पर्याप्त पार्किंग स्थलों हेतु समुचित व्यवस्थायें करे, सभी पार्किंग स्थलों का समय से अनुबंध निष्पादित कराना सुनिश्चित करें, उनकी समतलीकरण, साइन बोर्ड, रेट लिस्ट, प्रकाश, पेयजल, सफाई, जन सुविधायें, मोबाइल टायलेट, पी०ए० सिस्टम, सामान घर, जूता घट, जनरेटर आदि की समस्त व्यवस्थायें सुनिश्चित करें।
राधाष्टमी पर संचालित होंगी 270 बसें
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त आयोजन के दौरान मयुरा-बरसाना वाया गोवर्धन, दृन्दावन-बरसाना मथुरा-बरसाना वाया छाता एवं मथुरा-बरसाना वाया कोसी के लिए कुल 270 बसें संचालित करायी जायेंगी। जिलाधिकारी ने नगर की सड़कों, नालों, नालियों, झाड़ियों व सीवर लाइन की पर्याप्त सफाई, मंदिर की सीढ़ियों पर पंखों की व्यवस्था एवं फोगिंग कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।
बरसाना पहुंचे डीएम-एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्थाएं देखीं
बैठक के पश्चात जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के साथ बरसाना कस्बा की व्यवस्थाओं को लेकर जायजा लिया। संयुक्त रूप से दोनों उच्च अधिकारियों ने उप जिलाधिकारी गोवर्धन तथा क्षेत्राधिकारी पुलिस गोवर्धन को निर्देश दिए कि ऐसे मकानों को चिन्हित कर लें, जिनके छज्जे गिरासू हो उन पर नोटिस देते हुए कार्यवाही करना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने संपूर्ण मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोपरि रखते हुए सभी व्यवस्थाएं मेले से पूर्व सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ पंकज कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद रावत, पुलिस अधीक्षक यातायात मनोज कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के ओएसडी प्रसन्न द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव कुमार, नगर पंचायत बरसाना चेयरमैन प्रतिनिधि पदम फौजी आदि मौजूद रहे।