Friday, June 12, 2026

KASGANJ NEWS यूपी चुनाव में बंगाल-बिहार जैसी गड़बड़ी हुई तो भविष्य में नहीं होंगे : अखिलेश यादव

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 12, 2026


कासगंज में बोले सपा प्रमुख, भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का लगाया आरोप; पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव की पार्टी में कराई वापसी


कासगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कासगंज दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है और यदि पश्चिम बंगाल तथा बिहार की तरह उत्तर प्रदेश के चुनाव में भी गड़बड़ी या बेईमानी हुई तो भविष्य में प्रदेश में निष्पक्ष चुनाव कराना मुश्किल हो जाएगा।

अखिलेश यादव कासगंज में पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव द्वारा निर्मित उर्मिला गेस्ट हाउस के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव की समाजवादी पार्टी में वापसी कराते हुए उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की मूल भावना के अनुरूप राजनीति करने में विश्वास रखती है।

अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार की बुलडोजर नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों पर बुलडोजर चलाने का काम किया है, जबकि कानून का राज सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हो रहे कुछ कथित एनकाउंटरों की उनकी सरकार बनने पर जांच कराई जाएगी।

पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा मुंह से स्वदेशी की बात करती है, लेकिन उसकी सोच विदेशी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने विरोधियों को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहती और जो लोग उसके खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने या दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है।

स्मार्ट मीटर योजना पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उनका कहना था कि सरकार स्मार्ट सिटी बनाने में विफल रही और जनता पर स्मार्ट मीटर थोप दिए गए। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर लोगों ने इसका विरोध किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो बिजली संबंधी राहत देने पर विचार किया जाएगा।

कार्यक्रम में सांसद देवेश शाक्य, सहावर विधायक नादिरा सुल्तान, जुगेंद्र यादव, हसरत उल्ला शेरवानी, पूर्व विधायक जीनत खान, नाशी खान, जाहिदा सुल्तान, हरिओम शर्मा, जिलाध्यक्ष विक्रम यादव, अब्दुल हफीज गांधी, राजकुमार यादव, डॉ. नवल किशोर शाक्य, बृजेश यादव पहलवान, शाहरूख राज, जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.