सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भैसोरा निवासी एक दंपति भी बुलंदशहर हादसे का शिकार हुए। इस हादसे में पति लेखराज की मौत हो गई, जबकि पत्नी लक्ष्मी घायल हो गईं। दंपति बच्चे की चाहत में जाहरवीर गोगाजी के दर्शन करने जा रहे थे,लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
कासगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसोरा निवासी लेखराज की बहन की शादी सोरों क्षेत्र के गांव रफायतपुर निवासी विद्याराम के साथ हुई थी। रफायतपुर के लोगों ने राजस्थान में लगने वाली जाहरवीर गोगाजी की जात जाने की तैयारी की। यह सुनकर विद्याराम के बेटे रामचंद्र ने अपने मामा लेखराज और मामी लक्ष्मी को गोगाजी की जात जाने के लिए कहा लेखराज और लक्ष्मी के कोई औलाद नहीं है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थे। औलाद की चाहत में वह गोगाजी जाने को तैयार हो गए।
रविवार की रात आठ बजे वे बिलराम गेट पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गोगाजी की जात जाने के लिए रवाना हो गए। मगर रास्ते में बुलंदशहर और खुर्जा के बीच श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से कैंटर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में लेखराज की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी लक्ष्मी का अलीगढ़ मेडिकल काॅलेज में इलाज चल रहा है । गंभीर चोट आने की वजह से वह जिंदगी-मौत के बीच जूझ रही हैं।
अस्पताल में भर्ती घायल रामचरन ने बताया कि उसके मामा लेखराज पर कोई औलाद नहीं थी। उसने मामा लेखराज और मामी से गोगाजी के दर्शन करने को जाने के लिए कहा था। उधर, गांव भैंसोरा में मातम पसरा हुआ है। पिता नेमसिंह ने बताया बेटा लेखराज अब इस दुनिया में नहीं रहा। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालता था।