जनपद बरेली की तहसील मीरगंज इलाके के थाना शीशगढ़ क्षेत्र में चार-पांच युवक शराब के नशे में टुन्न होकर सड़क पर उत्पात मचा रहे थे, जिनमें एक सहायक अध्यापक भी थे। वहां पहुंची पुलिस ने शराबियों को समझाने की कोशिश की तो शराबी पुलिस से भिड़ गए। इस पर पुलिस ने चारों को थाने ले जाकर हवालात में बंद कर दिया, और उनके वाहन सीज कर दिए। हवालात के अंदर पहुंचकर शराबियों की बुद्धि खुली तो छोड़ने की बात कहते हुए हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते रहे।
रविवार देर रात शीशगढ़ कस्बे में बरेली बस अड्डा के समीप चार-पांच युवक शराब के नशे में धुत्त होकर आपस में बुरी तरह से झगड़ा कर रहे थे। इसका पता लगने पर शीशगढ़ पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस को देखने के बाबजूद शराब आपस में गाली-गलौज करते हुए झगड़ते रहे। पुलिस ने नशे में होने की सोचकर उन्हें शांत करने कोशिश की। इस पर शराबी युवक पुलिस से भिड़ने लगे! इसके बाद पुलिस ने सख्ती कर चार युवकों को पकड़ लिया और थाने ले जाकर हवालात में डाल दिया। युवकों के झगड़ा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
शीशगढ़ थाना प्रभारी हरेन्द्र सिंह ने बताया कि रविवार रात लगभग 10 बजे बरेली बस अड्डे के निकट शीशगढ़-धनेटा मार्ग पर शराब पीकर उत्पात मचा रहे युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनमें सहायक अध्यापक नितिन गंगवार निवासी ढकिया डाम भी शामिल बताए जाते हैं। इनके अलावा विजय सिंह निवासी बरेली बस अड्डा और शुभम निवासी मोहल्ला गढ़ी थाना शीशगढ़ हैं। चारों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। उनके वाहन एक कार, मोटर साइकिल और एक स्कूटी सीज कर दिया गया है।
शराबियों का पुलिस से नोकझोंक करने का वीडियो वायरल
शराब पीकर उत्पात मचाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शराबियों को हिरासत में लिया तो नोकझोंक करने लगे। जिसका किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। Jagran today वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।