जागरण टुडे, शाहजहांपुर
महिला एवं बालिका सशक्तिकरण की दिशा में शुक्रवार 29 अगस्त को शाहजहाँपुर पुलिस ने एक अनोखी और प्रेरणादायी पहल की। मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को एक दिन के लिए वरिष्ठ पुलिस पदों की जिम्मेदारी सौंपकर प्रशासनिक कार्यों से रूबरू कराया गया। इस अभिनव प्रयोग ने बालिकाओं को न केवल नेतृत्व का अवसर दिया बल्कि उनके आत्मविश्वास और क्षमता को नई उड़ान भी दी।
छात्राएं एक दिन के लिए बनीं शीर्ष पुलिस अधिकारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार—
-
राजवीर कौर, कक्षा 10, नालंदा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, छावनी परिषद को एक दिवस का पुलिस अधीक्षक बनाया गया।
-
श्रद्धा सिंह चौहान, कक्षा 12, संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) की जिम्मेदारी दी गई।
-
साम्भवी मिश्रा, कक्षा 11, संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया।
-
अशोभा, नालंदा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, छावनी परिषद को क्षेत्राधिकारी (नगर) नियुक्त किया गया।
-
स्वेता शर्मा, कक्षा 10, नालंदा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को क्षेत्राधिकारी (सदर) की जिम्मेदारी सौंपी गई।
छात्राओं ने संभाली जिम्मेदारी तो बढ़ा आत्मविश्वास
कार्यक्रम के दौरान इन छात्राओं ने अपने-अपने पदों पर बैठकर जनसुनवाई की, आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। यह अनुभव छात्राओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा, जिसने उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहन समझ दी और उनके आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत किया।
यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर की महिला पुलिस टीम का डंका: फुटबॉल और कबड्डी में मिला पहला स्थान
पुलिस अधीक्षकने कहा कि “मिशन शक्ति के तहत यह पहल महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। ऐसे आयोजनों से बालिकाओं में प्रशासनिक कार्यों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे भविष्य में समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगी।”
यह भी पढ़ें: चार साल के बेटे को जहर देकर कारोबारी दंपति ने फंदे पर झूलकर की खुदकुशी
मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान करना है। इसके अंतर्गत जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएँ और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनसे समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।