बरेली के थाना कैंट क्षेत्र में पुलिस की चेकिंग को लेकर विरोध खड़ा हो गया है। नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां के चेयरमैन इमरान अली खान ने रिसाला चौकी पुलिस पर आरोप लगाया है कि वह अपनी सीमा से बाहर आकर चेकिंग अभियान चला रही है। चेयरमैन का कहना है कि ठिरिया क्षेत्र की जिम्मेदारी नकटिया चौकी पुलिस की है, न कि रिसाला चौकी की।
चेयरमैन इमरान अली खान ने बताया कि कैंट थाने में तैनात दरोगा और सिपाही नगर पंचायत सीमा पर आए दिन चेकिंग कर रहे हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यदि नकटिया चौकी इंचार्ज रोहित तोमर चेकिंग करते हैं तो किसी को आपत्ति नहीं होती, क्योंकि यह उनका कार्यक्षेत्र है। रोहित तोमर नियमित रूप से ठिरिया से मोहनपुर जाने वाले मार्ग पर अलग-अलग प्वाइंट्स पर चेकिंग अभियान चलाते हैं।
चेयरमैन का आरोप है कि कैंट थाने के दरोगा और दीवान द्वारा की जा रही चेकिंग गलत है और ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। इससे जनता में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। चेयरमैन का साफ कहना है कि वह इस मामले को अब अनदेखा नहीं करेंगे। उन्होंने एलान किया कि शनिवार, 30 अगस्त को वह इस संबंध में कैंट थाना प्रभारी और एसपी सिटी मानुष परीक से औपचारिक शिकायत करेंगे। चेयरमैन ने चेतावनी दी कि यदि कैंट पुलिस ने अपनी सीमा लांघकर चेकिंग जारी रखी तो इलाके में दहशत का माहौल बन जाएगा।
ग्रामीणों का भी कहना है कि पुलिस को चेकिंग करते समय अपनी सीमा और जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए। फिलहाल मामला गर्मा गया है और अब नजरें एसपी सिटी की कार्रवाई पर टिकी हैं।