Thursday, April 2, 2026

बरेली में पहली बार होगा सात दिवसीय नाट्य महोत्सव, सौरभ शुक्ला के शो 'बर्फ' से होगा समापन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 31, 2025

बरेली में पहली बार होगा सात दिवसीय नाट्य महोत्सव, सौरभ शुक्ला के शो 'बर्फ' से होगा समापन

जागरण टुडे, बरेली

शहर के रंगमंच प्रेमियों के लिए सितंबर का पहला हफ्ता बेहद खास रहने वाला है। बरेली में पहली बार सात दिवसीय बरेली नाट्य महोत्सव-2025 का आयोजन 1 से 7 सितंबर तक किया जाएगा। इस महोत्सव का आयोजन अस्तिता फाउंडेशन, ड्रामा ड्रॉप आउट्स और वेगमाइन सिटी मॉल के संयुक्त तत्वावधान में प्रभावे ऑडिटोरियम, वेगमाइन सिटी मॉल (अर्बन हाट, निकट गांधी उद्यान) में होगा।

रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में संस्था अध्यक्ष राजू सिंह चौहान ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 1 सितंबर को ड्रामा ड्रॉप आउट्स के नाटक “पंचलाइट वाले” से होगा। 2 सितंबर को अभियान थिएटर ग्रुप गोरखपुर का नाटक “किस्सा मौजपुर का” मंचित किया जाएगा।

इसके बाद 3 से 6 सितंबर तक लगातार श्रीराम सेंटर, दिल्ली की प्रस्तुतियां होंगी। इनमें “डाकू सुल्ताना”, “अग्नि और बरखा” तथा “स्टक” जैसे चर्चित नाटक शामिल हैं। महोत्सव का समापन 7 सितंबर को बॉलीवुड अभिनेता सौरभ शुक्ला के विशेष शो “बर्फ” से होगा। सभी प्रस्तुतियां प्रतिदिन शाम 6 बजे से मंचित की जाएंगी।

संस्था की उपाध्यक्ष शुभ्रा भसीन भट्ट ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को रंगमंच की गंभीरता और उसकी सामाजिक भूमिका से जोड़ना है। उद्यमी विभोर गोयल ने बताया कि इस स्तर का नाट्य महोत्सव बरेली में पहली बार हो रहा है, जिससे स्थानीय रंगकर्मियों और दर्शकों को बड़े मंच का अनुभव मिलेगा।

प्रेसवार्ता के दौरान उद्यमी तनुज भसीन, संदीप झावर और लव तोमर सहित कई रंगप्रेमी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.