हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज राजमार्ग बाधित, पिथौरागढ़ में भूस्खलन
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश आफत बन गई है। चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर के अलावा मैदानी इलाकों में मौसम काफी बिगड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ऊधमसिंह नगर में नानक सागर डैम का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
उधर, चमोली में ज्योतिर्मठ-मलारी राजमार्ग पर सुराहीथोटा और जुम्मा के बीच तमक नाले के ऊपरी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण शनिवार आधी रात बाढ़ आने से सीमेंट और कंक्रीट का पुल बह गया। तमक से आगे नीति घाटी के सीमांत क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक जनजातीय गांवों और सीमा पर तैनात सैनिक एवं अर्धसैनिक बलों का मोटर संपर्क ठप हो गया है।
उधर, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग, चमोली और ज्योतिर्मठ के बीच भनीरपानी और पागलनाला पर मलबा आने से बंद है। यातायात बहाल करने के लिए मलबा हटाया जा रहा है। केदारनाथ को चमोली से जोड़ने वाला कुंड-चमोली राष्ट्रीय राजमार्ग भी बैरागना के समीप भूस्खलन से अवरुद्ध है। वहीं, भारी बारिश से शेर नाला और सूर्या नाला में बाढ़ आने से हल्द्वानी-चोरगलिया सितारगंज राज्य मार्ग भी बाधित हो गया।
पिथौरागढ़ जिले में धारचूला के पास ऐलागाड़ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन से धौलीगंगा विद्युत परियोजना की सामान्य और आपातकालीन सुरंगों को जाने वाला रास्ता अवरुद्ध हो गया, जिससे राष्ट्रीय जलविद्युत निगम (एनएचपीसी) के 19 कार्मिक/अधिकारी बिजलीघर के अंदर ही फंस गए। डीएम पिथौरागढ़ विनोद गोस्वामी ने रविवार को बताया कि, जिला प्रशासन एवं बीआरओ की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित कर टनल में फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
रेड अलर्ट: आज कुमाऊं के स्कूलों में अवकाश
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में रविवार देर रात से सोमवार देर रात तक के लिए रेड और ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है जिसमें अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश/तूफान/बिजली गिरने/बहुत तीव्र से अत्यधिक तीव्र बारिश होने की संभावना जताई है। सावधान रहने की अपील के साथ सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। ऐसे में कुमाऊं मंडल के नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चम्पावत, बागेश्वर के अलावा पौड़ी गढ़वाल, चमोली, उत्तरकाशी, हरिद्वार, देहरादून जिलों में सोमवार को कक्षा 12 तक के शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।