कासगंज/ पटियाली। कटरी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गंगा का रौद्र रूप लगातार जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। शासन-प्रशासन द्वारा राहत और स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत इसके उलट है। क्षेत्र में न तो राहत कार्य नजर आ रहे हैं और न ही स्वास्थ्य सेवाएं समय पर पहुंच पा रही हैं। नाव और स्टीमर की कमी से इलाज तक पहुंच पाना बाढ़ पीड़ितों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है।
रविवार देर रात नगला जय किसन निवासी 12 वर्षीय कक्षा 5 का छात्र विवेक यादव की बुखार से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विवेक और उसका सात वर्षीय भाई ललित यादव, दोनों पुत्र लप्पू यादव, बीते कुछ दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे। परिवार ने कई घंटे नाव और स्टीमर का इंतजार किया लेकिन प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधन समय से नहीं पहुंचे।
यह भी पढ़ें- KASGANJ NEWS : 22 घंटे से जारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर जलभराव, फंसे वाहन
आखिरकार जब नाव मिली तो परिजन विवेक और ललित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल कासगंज रेफर कर दिया। हालत बिगड़ने पर अलीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही विवेक ने दम तोड़ दिया।
गरीब मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विवेक के पिता लप्पू यादव मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय से नाव और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल जातीं तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी।