ओमकार गंगवार, मीरगंज (बरेली)।
जनपद बरेली के मीरगंज इलाके में लगातार विगत कई दिनों से हो रही बरसात में कुदरत का कहर जारी है। मीरगंज इलाके के गांव में गरीब की जर्जर खपरैल समेत मकान गिर गया जिसके मलबे में दबकर हजारों रूपये का खाद्यान व अन्य घरेलू हजारों रूपयों का सामान बुरी तरह से नष्ट हो गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान आवासीय खपरैल की छत के नीचे कोई व्यक्ति नहीं था। बरना जनहानि हो सकती थी।
मामला मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव सैजना का है। सैंजना निवासी अंकित गंगवार ने बताया कि विगत सोमवार की शाम के समय बरसात हो रही थी। जिसके कारण गांव सैजना निवासी एक गरीब मजदूरी पेशा व्यक्ति छोटे लाल कश्यप पुत्र सियाराम का काफी पुराना जर्जर मकान खपरैल समेत गिर कर धराशाई हो गया। जिसके मलबे में बक्से में रखे कपड़े आदि सामान व अनाज और बर्तन व अन्य छत के नीचे फैला हजारों का सामान दबकर नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि पीडित छोटे लाल के पास मात्र तीन या चार वीघा ही कृषि भूमि है।
वह मेहनत मजदरी के सहारे ही अपने परिवार का भरण पोषण करता है। जर्जर मकान ढहने से गरीब को रहने तक का ठिकाना नहीं रहा। ग्राम प्रधान सोमपाल गंगवार व अंकित गंगवार समेत ग्रामीणों ने शासन एवं प्रशासन से मुआबजा दिए जाने की गुहार लगाई है।