जागरण टुडे मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को लेकर बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जाएंगे। महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
महापौर प्रतिनिधि अंकुर अग्रवाल ने जानकारी दी कि हजारीमल सोमानी कॉलेज के पास स्थित अतिथि गृह परिसर का समग्र विकास कराया जाएगा। यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जानकारी व मार्गदर्शन देने के लिए आधुनिक सूचना केंद्र का निर्माण होगा। इसके माध्यम से आगंतुकों को दर्शनीय स्थलों, आवागमन और आवश्यक सेवाओं की जानकारी सरलता से मिल सकेगी।
इसके अलावा यमुना नदी के घाटों का सौंदर्यीकरण और नीम बावड़ी क्षेत्र में तट विकास कराया जाएगा। नगर निगम का दावा है कि इन कार्यों से घाटों की छवि बदलेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पर्यटन को और आकर्षक बनाने के लिए नेचर वॉक का निर्माण भी प्रस्तावित है। यह न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने का अवसर भी प्रदान करेगा।
इन सभी परियोजनाओं पर लगभग 41 करोड़ रुपये की लागत आएगी। नगर निगम ने इसका प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन को भेज दिया है। जल्द ही स्वीकृति मिलने पर कार्यों की शुरुआत की जाएगी। इन योजनाओं को लेकर स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों ने उम्मीद जताई है कि इससे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र की छवि और भी निखरेगी तथा पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।